Site icon AB News24.in

CG News: सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने दिए निर्देश… किसानों तक पहुंचे बेहतर और पारदर्शी बैंकिंग सेवाएं

छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई गति देने और बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से समीक्षा बै

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप

रायपुर, 29 जुलाई। CG News: छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई गति देने और बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक की। नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ अपैक्स बैंक तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में किसानों को बेहतर, पारदर्शी और आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे। उन्होंने सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली में सुधार और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए।

समीक्षा बैठक में सहकारी संस्थाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बैंकिंग सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर ढंग से पहुंचाने और तकनीकी सुविधाओं के अधिकाधिक उपयोग पर भी विचार-विमर्श हुआ।

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए इसे मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी सहकारी बैंकों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों और अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही प्रदेश का सहकारिता क्षेत्र अधिक सशक्त, पारदर्शी और जनहितैषी बन सकेगा।

Exit mobile version