बिलासपुर, 06 अगस्त। CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर लूट की वारदात सामने आई है। बृहस्पति बाजार में सब्जी खरीदने गई महिला को रास्ता पूछने के बहाने ऑटो में बैठाया गया। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें नशीला पदार्थ पिलाया और बेहोशी जैसी हालत का फायदा उठाकर उनके सोने के जेवर लेकर फरार हो गए।
पीड़ित महिला के परिजनों के अनुसार, विद्या मोटवानी बृहस्पति बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। खरीदारी के बाद दो अज्ञात युवकों ने उनसे रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की और उन्हें अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें ऑटो में बैठाकर नेहरू चौक की ओर ले गए।
परिजनों का आरोप है कि रास्ते में महिला को कोई नशीला पदार्थ पिला दिया गया, जिससे उनकी सुध-बुध खत्म हो गई। इसी दौरान आरोपियों ने महिला के हाथ से सोने की अंगूठी और चूड़ियां उतरवा लीं और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन सिविल लाइन थाना पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

