Site icon AB News24.in

CG News: छत्तीसगढ़ में नई भर्ती व्यवस्था लागू… अब सभी भर्तियां होंगी पूरी तरह ऑनलाइन

रायपुर, 07 अगस्त| CG News: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राज्य सरकार ने नई भर्ती व्यवस्था लागू कर दी है। सरकार ने कर्मचारी चयन मंडल नियम-2026 लागू करते हुए तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की सभी भर्तियों को पूरी तरह डिजिटल बनाने का फैसला किया है। अब आवेदन से लेकर दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।

नए नियमों के तहत अभ्यर्थियों के लिए आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है। भर्ती परीक्षाएं बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) आधारित होंगी। परीक्षा के बाद पहले मॉडल आंसर-की जारी की जाएगी, जिस पर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी जाएंगी। आपत्तियों के निराकरण के बाद ही अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा।

नई व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव यह भी किया गया है कि अब वेटिंग लिस्ट नहीं बनाई जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करनी होगी। तय समय में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर संबंधित पद रिक्त माना जाएगा।

इसके अलावा राज्य सरकार हर वर्ष अगस्त महीने में भर्ती कैलेंडर भी जारी करेगी, ताकि अभ्यर्थियों को वर्षभर होने वाली भर्तियों की जानकारी पहले से मिल सके।

Exit mobile version