रायपुर, 21 अगस्त। CG News: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के बीच सोशल मीडिया पर सियासी तकरार अब ‘कार्टून वार’ में बदल गई है। दोनों दल एक-दूसरे पर निशाना साधने के लिए कार्टून और सोशल मीडिया पोस्ट का सहारा ले रहे हैं।
दरअसल, छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के खाने को लेकर वायरल हुई एक तस्वीर पर तंज कसा। तस्वीर में नॉन-वेज खाने को लेकर उठे सवालों के बाद इसे कटहल बताए जाने के दावे पर कांग्रेस ने एक कार्टून जारी किया।
कांग्रेस के कार्टून में मुर्गे को कटहल के रूप में दिखाया गया। इसके साथ लिखा गया, “पहले लोगों को मुर्गा बनाया, अब मुर्गे को कटहल। नाम बदलने में माहिर भाजपा, अब मुर्गे की बारी है।”
कांग्रेस के इस पोस्ट का भाजपा ने भी सोशल मीडिया पर जवाब दिया। छत्तीसगढ़ भाजपा की ओर से जारी कार्टून में राहुल गांधी को गधे के रूप में दिखाते हुए कांग्रेस पर तंज कसा गया। पोस्ट में लिखा गया, “इस गधे के सामने, गधे ने भी हार मान ली है।”
भाजपा ने आगे कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लिखा कि “पहले गधे को अपना नेता बनाया, अब गधे को घोड़ा बनाने में लगे हैं।”
दोनों दलों के बीच सोशल मीडिया पर चल रही यह तकरार अब कार्टून के जरिए भी सामने आ रही है। राजनीतिक मुद्दों और बयानों के साथ-साथ दोनों पार्टियां व्यंग्यात्मक पोस्ट के जरिए एक-दूसरे पर हमला कर रही हैं। इससे छत्तीसगढ़ की सियासत में सोशल मीडिया ‘कार्टून वार’ भी चर्चा का नया विषय बन गया है।

