Site icon AB News24.in

CG News: शराब घोटाला मामले में रामगोपाल अग्रवाल को 5 दिन की ED रिमांड… कोर्ट ने भेजा हिरासत में

रायपुर, 12 अगस्त। CG News: छत्तीसगढ़ के शराब घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तारी के बाद उन्हें रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने रामगोपाल अग्रवाल को 5 दिन की ED कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया।

अब ED अगले पांच दिनों तक उनसे कथित शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि कथित अवैध धन के लेनदेन में उनकी क्या भूमिका रही।

भूपेश बघेल ने कार्रवाई पर उठाए सवाल

रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी और ED रिमांड को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों के पास कोई ठोस सबूत नहीं है।

भूपेश बघेल ने इसे राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित कार्रवाई बताते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं और उनके करीबियों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पुख्ता साक्ष्यों के दबाव बनाने और छवि खराब करने के उद्देश्य से कार्रवाई की जा रही है।

शराब घोटाले की जांच जारी

छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले की जांच ED के साथ राज्य की आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW/ACB) भी कर रही है। ED का आरोप है कि शराब कारोबार में कथित अनियमितताओं के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की गई और इसके तार कई अधिकारियों व नेताओं से जुड़े हैं।

Exit mobile version