CG News: जिला अस्पताल के महिला टॉयलेट में मिला नवजात का शव… मचा हड़कंप

CG News: जिला अस्पताल के महिला टॉयलेट में मिला नवजात का शव… मचा हड़कंप

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 08 अक्टूबर। CG News: जिला अस्पताल परिसर में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब महिला टॉयलेट में फ्लश के पास नवजात शिशु का शव मिला। शव नाल और प्लेसेंटा सहित बरामद हुआ। टॉयलेट से दुर्गंध आने पर वार्ड बॉय ने वहां जाकर जांच की, जिसके बाद घटना का पता चला।

मामले की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अस्पताल के रिकॉर्ड में नहीं मिला कोई सुराग

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लेबर रूम, डिलीवरी रूम और भर्ती मरीजों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पैकरा के मुताबिक, अस्पताल में प्रसव कराने वाली महिलाओं के सभी नवजात स्वस्थ हैं और बरामद शव का अस्पताल में हुई किसी डिलीवरी से संबंध नहीं मिला है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार वार्ड संयुक्त होने के कारण किसी महिला का बिना किसी की नजर में आए वहां प्रसव करना मुश्किल है। ऐसे में शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी बाहरी व्यक्ति ने नवजात को अस्पताल परिसर में लाकर छोड़ा होगा। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

दो-तीन दिनों की CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

गौरेला थाना प्रभारी शानिप रात्रे ने बताया कि वार्ड बॉय की सूचना के आधार पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की पिछले दो से तीन दिनों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। इसके जरिए संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

DNA सैंपल भी जांच के लिए भेजा

पुलिस ने पोस्टमार्टम के साथ नवजात का DNA सैंपल भी सुरक्षित कराया है, जिसे जांच के लिए विधि-विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। पुलिस अज्ञात परिजनों और संभावित संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल CCTV फुटेज, DNA रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात को अस्पताल परिसर में कौन लेकर आया था और घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं। मामले में जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Breaking News