Site icon AB News24.in

CG Nursing Admission 2026: छत्तीसगढ़ के नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए आज से आवेदन शुरू… 8 नवंबर अंतिम तारीख

रायपुर, 02 नवम्बर। CG Nursing Admission 2026: छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए 2 नवंबर यानी आज से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गयी है। अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे से 8 नवंबर शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के साथ ही उन्हें कॉलेजों की पसंद भी भरनी होगी। कॉलेज चयन के लिए अलग से समय नहीं दिया जाएगा।

चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की राज्य काउंसिलिंग समिति के अनुसार, बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

कैटेगरी के अनुसार आवेदन शुल्क

आवेदन के लिए अनारक्षित और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 1,000 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। यदि आवेदन में संशोधन करना है, तो इसके लिए 500 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

वेबसाइट पर मिलेगी पूरी जानकारी

आवेदन प्रक्रिया, काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश से संबंधित आगे की जानकारी चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थी नियमित रूप से CGDME की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जरूरी अपडेट देख सकते हैं।

Exit mobile version