रायपुर, 13 अक्टूबर। CG Patwari Strike: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पटवारी संघ ने पीवी ऐप की तकनीकी समस्याओं और अन्य लंबित मांगों को लेकर 13 अक्टूबर यानी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। पटवारियों का कहना है कि ऐप के जरिए फसलों के भौतिक सत्यापन में लगातार दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन अब तक इनका समाधान नहीं किया गया है।
तकनीकी समस्याओं के साथ विभागीय कार्रवाई का भी विरोध
पटवारी संघ पीवी ऐप में आ रही तकनीकी परेशानियों के अलावा तबादलों, निलंबन और कारण बताओ नोटिस जारी करने जैसी कार्रवाइयों का भी विरोध कर रहा है। संघ का कहना है कि कामकाज में आ रही समस्याओं का समाधान करने के बजाय पटवारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे उनमें नाराजगी है।
वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति की मांग
पटवारियों ने वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति का लाभ देने सहित अन्य मांगें भी उठाई हैं। संघ ने इन मांगों का निराकरण नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का फैसला लिया है।
किसानों के कामकाज पर पड़ सकता है असर
पटवारियों की हड़ताल से किसान पंजीयन, फसलों के भौतिक सत्यापन और आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र बनाने जैसे जरूरी काम प्रभावित होने की आशंका है। इससे किसानों और अन्य नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


