Site icon AB News24.in

CG Raid Update: महादेव केस में होटल कारोबारी के ठिकानों पर ED की छापेमारी

दुर्ग, 27 नवम्बर। CG Raid Update: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से दुर्ग में हलचल मच गई है। शुक्रवार को ED की टीम ने होटल कारोबार से जुड़े कारोबारी रोहन कुकरानी के ठिकानों पर दबिश दी। जांच एजेंसी की टीम पुलगांव स्थित एक बड़े होटल और सूर्य विहार स्थित उनके बंगले पर जांच कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रोहन कुकरानी पुलगांव स्थित होटल के मुख्य शेयरधारक बताए जा रहे हैं। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में भी उनका नाम सामने आने की बात कही जा रही है। इसी कड़ी में ED की टीम उनके आवास और कारोबारी ठिकानों पर पहुंची है।

कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसी दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, ED की इस कार्रवाई के पीछे की विस्तृत वजह और जांच एजेंसी को मिले इनपुट को लेकर अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पहले भी छत्तीसगढ़ के कई कारोबारियों और अन्य लोगों की भूमिका जांच के दायरे में आ चुकी है। ऐसे में दुर्ग के होटल कारोबारी से जुड़े ठिकानों पर ED की यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है।

Exit mobile version