CG Rajyotsav 2026: राज्योत्सव समापन में अमित शाह बोले… गौरव, सिद्धि और संकल्प का दिन

CG Rajyotsav 2026: राज्योत्सव समापन में अमित शाह बोले… गौरव, सिद्धि और संकल्प का दिन

रायपुर, 04 नवम्बर। CG Rajyotsav 2026: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने मंगलवार को रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे संवारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ नक्सल-मुक्त होकर विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से वह अटल बिहारी वाजपेयी को धन्यवाद और श्रद्धांजलि देते हैं। उन्होंने कहा कि अलग राज्य बनने से पहले छत्तीसगढ़ के साथ लंबे समय तक अन्याय हुआ और क्षेत्र का विकास बाधित रहा। अटल जी ने छत्तीसगढ़ को अलग पहचान दी और आज मोदी सरकार के नेतृत्व में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

गौरव, सिद्धि और संकल्प का दिन

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव, सिद्धि और संकल्प का दिन है। गौरव अटल जी की उस विरासत का है, जिसने छत्तीसगढ़ को अलग प्रदेश की पहचान दी। सिद्धि नक्सल-मुक्त छत्तीसगढ़ और नक्सल-मुक्त भारत के संकल्प की है, जबकि संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का है।

उन्होंने नक्सल उन्मूलन में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया।

संस्कृति और परंपराओं को मिली नई पहचान

अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने के लिए सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। पंथी, पांडवानी, राउत नाचा, कर्मा और सैला नृत्य के साथ ढोकरा कला, बेल मेटल, काष्ठ शिल्प, कोसा कला और बस्तर दशहरा जैसी सांस्कृतिक धरोहरों को नई पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक के माध्यम से लाखों युवाओं ने आदिवासी खेलों और संस्कृति से जुड़कर अपनी परंपराओं को पुनर्जीवित किया है। इन आयोजनों से आदिवासी क्षेत्रों की वेशभूषा, खान-पान, गीत और नृत्य को भी नया मंच मिला है।

नक्सलवाद पर सरकार की सख्त नीति

गृह मंत्री ने कहा कि सरकार ने नक्सल उन्मूलन को लेकर स्पष्ट नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने वालों का स्वागत किया जाएगा, जबकि कानून और नागरिकों की सुरक्षा को चुनौती देने वालों के खिलाफ सुरक्षा बल कार्रवाई करेंगे।

उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब विकास की बयार पहुंच रही है और आदिवासी क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। अमित शाह ने कहा कि गरीब और आदिवासी समुदाय के लोगों के अधिकारों की रक्षा करना भी सरकार की प्राथमिकता है।

70 प्रतिशत से अधिक गारंटियां पूरी करने का दावा

अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्रियों की त्रिमूर्ति ने कम समय में मोदी सरकार की 70 प्रतिशत से अधिक गारंटियों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 33वीं किस्त माताओं और बहनों के खातों में भेजी जा चुकी है, जबकि धान खरीदी सहित कृषि, वनोपज, पशुपालन और एमएसएमई क्षेत्रों में भी तेजी से काम हो रहा है।

पर्यटन के क्षेत्र में शीर्ष राज्यों में आने का लक्ष्य

गृह मंत्री ने कहा कि नक्सल-मुक्त होने के बाद छत्तीसगढ़ पर्यटन के क्षेत्र में देश के शीर्ष राज्यों में शामिल होने की क्षमता रखता है। चित्रकूट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, मां बलमेश्वरी, मां दंतेश्वरी और बस्तर दशहरा जैसी धरोहरें देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित कर सकती हैं।

‘धरती भी अमीर और लोग भी अमीर होंगे’

अमित शाह ने कहा कि कभी छत्तीसगढ़ के लिए कहा जाता था कि धरती अमीर है, लेकिन लोग गरीब हैं, मगर आने वाले समय में यहां धरती के साथ-साथ लोग भी समृद्ध होंगे। उन्होंने इसे मोदी सरकार की गारंटी बताया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वार्षिक बजट, प्रति व्यक्ति आय, जीएसडीपी और उच्च शिक्षा संस्थानों में विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य को भय से भरोसे, संसाधनों से समृद्धि और संभावनाओं से सिद्धि की ओर ले जाना है।

राज्य खबर