रायपुर, 26 नवम्बर। CG Rice Export: छत्तीसगढ़ के पारंपरिक और सुगंधित चावल अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसी खास धान की किस्मों को विदेशी बाजारों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है।
इसी कड़ी में कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल स्पेन के बार्सिलोना पहुंचा। यहां फिरा बार्सिलोना संस्था के CEO के साथ महत्वपूर्ण व्यावसायिक चर्चा हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भागीदारी और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान फिरा बार्सिलोना संस्था ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक चावल और अन्य विशेष कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने में सहयोग की बात कही। इससे प्रदेश के किसान उत्पादक संगठनों (FPO), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जुड़ने के नए अवसर मिल सकते हैं।
खास बात यह है कि जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को GI टैग मिल चुका है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनकी पहचान बढ़ने से किसानों को अपनी खास उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार की निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में बार्सिलोना में हुई यह चर्चा छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाने और किसानों के लिए निर्यात के नए रास्ते खोलने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

