रायपुर, 26 सितंबर। CG School Closed: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 26 सितंबर यानी आज प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश रखने के निर्देश दिए हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से कुछ स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है। ऐसे हालात में स्कूली बच्चों को किसी तरह का जोखिम न उठाना पड़े, इसलिए प्रदेशभर के स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
मुख्यमंत्री साय ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर पर ही रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को अवकाश के आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

