Site icon AB News24.in

CG School Controversy: शिकायत लेकर पहुंचे छात्र को प्रिंसिपल ने मारा थप्पड़

बलौदाबाजार, 18 सितम्बर। CG School Controversy: बलौदाबाजार के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल में शिक्षक पर लगे आरोपों के बाद विवाद बढ़ गया है। छात्रों और परिजनों ने शिक्षक नरेश तिवारी पर शराब के नशे में स्कूल आने, छात्राओं से गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि शिकायत करने पर उन्हें फेल करने की धमकी भी दी गई।

शिकायत लेकर छात्र अपने परिजनों के साथ स्कूल की प्रिंसिपल वंदनी श्रीवास्तव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान स्कूल प्रबंधन और मीडियाकर्मियों के बीच बातचीत चल रही थी। एक छात्र मोबाइल से वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि प्रिंसिपल ने उसे वीडियो बनाने से रोकते हुए कहा, “दिस इज माय ऑर्डर।” छात्र के वीडियो बनाते रहने पर प्रिंसिपल द्वारा उसे थप्पड़ मारने का आरोप है।

कलेक्टर के निर्देश पर स्कूल पहुंची जांच टीम

मामले की शिकायत के बाद कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षा विभाग और प्रशासन की टीम स्कूल पहुंची। अधिकारियों ने छात्रों, उनके परिजनों, स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षक से पूरे मामले की जानकारी ली।

जांच के बाद पुलिस शिक्षक नरेश तिवारी को मुलाहिजा के लिए अपने साथ ले गई। वहीं, मीडियाकर्मियों ने प्रिंसिपल पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए स्कूल के बाहर धरना दिया।

फिलहाल शिक्षक और प्रिंसिपल पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

Exit mobile version