रायपुर, 26 अगस्त। CG School Timing: छत्तीसगढ़ के स्कूलों की व्यवस्था में बदलाव की तैयारी की जा रही है। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि शनिवार को मॉर्निंग शिफ्ट में लगने वाले स्कूलों को डे शिफ्ट में संचालित किया जाएगा। इस दिन पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बालिकाओं को दिया जाएगा कराटे प्रशिक्षण
शिक्षा मंत्री ने बताया कि स्कूलों में बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में NCC से जुड़े अधिकारियों से भी चर्चा की है, ताकि प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से स्कूलों में कराटे प्रशिक्षण शुरू किया जा सके।
स्कूलों में मार्चफास्ट की व्यवस्था के साथ राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को भी बढ़ावा दिया जाएगा। राष्ट्रीय पर्वों के दौरान स्थानीय बच्चों को बैंड और संगीत से जोड़ने की तैयारी है।
बालिकाओं के लिए बनेंगे 8 हजार से ज्यादा टॉयलेट
शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के स्कूलों में बालिकाओं के लिए 8 हजार से ज्यादा नए टॉयलेट बनाए जाएंगे। इसके अलावा स्कूल भवनों की मरम्मत, रिपेयरिंग और अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए जिलों से सूची मांगी गई है।
छोटे-छोटे मरम्मत कार्यों के लिए राज्य शासन की ओर से राशि जारी की जाएगी। स्कूलों को हर साल मिलने वाली मेंटेनेंस राशि का सही उपयोग हो रहा है या नहीं, इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
हर महीने होगी स्कूलों की समीक्षा
शिक्षा मंत्री ने DEO को बैठक लेकर जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से जारी वार्षिक कैलेंडर के अनुसार स्कूलों में नियमित पढ़ाई हो रही है या नहीं, इसकी भी निगरानी की जाएगी।
प्रदेश स्तर पर हर महीने समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें स्कूलों की व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा होगी।

