रायपुर, 17 सितम्बर। CG Shramik Mahasammelan: विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन आयोजित किया गया। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रमिक सम्मेलन में पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्रमिकों के हित में तीन बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
श्रमिकों के लिए बनेगा सुविधा केंद्र
मुख्यमंत्री साय ने शहरों में श्रमिकों के लिए सर्वसुविधायुक्त श्रमिक सुविधा केंद्र शुरू करने की घोषणा की। यहां श्रमिकों के बैठने और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि काम की तलाश में शहर आने वाले श्रमिकों को बैठने और ठहरने जैसी परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए ये केंद्र उपयोगी होंगे।
डिलीवरी कर्मियों को ई-बाइक के लिए सहायता
मुख्यमंत्री ने सामान की डिलीवरी का काम करने वाले श्रमिकों के लिए ई-बाइक खरीदने में विशेष सहायता देने की योजना लागू करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रमिक और युवा डिलीवरी के काम से जुड़े हैं। ई-बाइक मिलने से उनका काम आसान होगा और रोजगार को भी मजबूती मिलेगी।
ई-रिक्शा खरीदने पर अनुदान दोगुना
असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए भी मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की। ऑटो या ई-रिक्शा खरीदने पर सरकार की ओर से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे श्रमिकों को स्वरोजगार शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
‘श्रम का देश में विशेष महत्व’
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान है। निर्माण, उद्योग और सेवा क्षेत्र में श्रमिकों की भूमिका अहम है। सरकार की प्राथमिकता है कि श्रमिकों को सम्मान के साथ बेहतर सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा मिले।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
PM मोदी को बताया आधुनिक भारत का विश्वकर्मा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री साय ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को आधुनिक भारत का विश्वकर्मा बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश के विकास और निर्माण की दिशा में कई महत्वपूर्ण काम किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के प्रोविडेंट फंड (PF) का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि UAN की सुविधा से श्रमिकों को एक राज्य से दूसरे राज्य में काम करने के दौरान PF से जुड़ी सेवाओं में सुविधा मिलती है।
श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार श्रमिकों के प्रतिभाशाली बच्चों की शिक्षा को लेकर भी काम कर रही है। 10वीं और 12वीं में अच्छे अंक हासिल करने वाले श्रमिकों के बच्चों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने विदेश में पढ़ाई करने वाले श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा में सहयोग की दिशा में भी सरकार की तैयारी की बात कही।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 1 लाख 45 हजार श्रमिकों को 26 योजनाओं के तहत लाभ दिया गया है।
दीप जलाकर PM मोदी को जन्मदिन की बधाई देने की अपील
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर श्रमिकों से एक-एक दीप जलाकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने की अपील की।
महासम्मेलन में श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन सहित बड़ी संख्या में मंत्री, वरिष्ठ नेता, अधिकारी और प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए श्रमिक मौजूद रहे।

