Site icon AB News24.in

CG Student Safety: बालिका छात्रावासों की सुरक्षा को लेकर CM साय सख्त… कलेक्टर-SP को दिए निर्देश

रायपुर, 13 सितम्बर। CG Student Safety: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में पढ़ने वाली बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बीजापुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार से जुड़ी खबर पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर और एसपी को मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर बिना देरी के विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। शिकायत की अनदेखी, उसे दबाने का प्रयास या कर्तव्य में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

सीएम साय ने सभी जिलों में बालिका छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधीक्षकों और जिम्मेदार कर्मचारियों की उपस्थिति, परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था की भी समीक्षा करने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवासीय विद्यालय और छात्रावास बच्चों के लिए उनके घर की तरह हैं। माता-पिता अपने बच्चों को भरोसे के साथ इन संस्थानों में भेजते हैं और इस विश्वास की रक्षा करना शासन-प्रशासन तथा संस्थानों से जुड़े प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों से जुड़ी किसी भी दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या डराने-धमकाने की शिकायत पर संबंधित विभाग और पुलिस आपसी समन्वय से तत्काल कार्रवाई करें। जरूरत पड़ने पर पीड़ित छात्राओं को काउंसलिंग और अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बेटियां निर्भय होकर पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें, इसके लिए सुरक्षित और गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना सभी की साझा जिम्मेदारी है। सुरक्षा के मामले में लापरवाही बरतने वाले किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Exit mobile version