कोरबा, 20 नवम्बर। CG Suicide Case: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा थाना क्षेत्र के जेंजरा बाईपास के पास पूर्व स्कूल संचालक शिवचरण साहू (36) का ग्राम ढेलवाडीह निवासी शिवचरण के पास से पुलिस को 19 पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 50 लाख रुपए लेने, बिचौलिए की मौत के बाद रकम फंसने और बढ़ते कर्ज का जिक्र किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शिवचरण ने कोरोना काल के दौरान एक निजी स्कूल शुरू किया था। हालांकि, आर्थिक नुकसान के चलते उसे स्कूल बंद करना पड़ा। इसके बाद से वह आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। इसी दौरान उसने कुछ लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लिए थे। इस काम में एक बिचौलिए की भी भूमिका बताई गई है।
बिचौलिए की मौत के बाद फंसी रकम
पुलिस को मिले नोट के अनुसार, बिचौलिए की मौत के बाद लोगों से ली गई रकम फंस गई थी। इसके चलते शिवचरण पर कर्ज बढ़ता चला गया। नोट में कुछ लेनदारों पर लगातार दबाव बनाने और परेशान करने के आरोप भी लगाए गए हैं। इसमें कई लोगों के नाम और पैसों के लेन-देन का हिसाब दर्ज होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस बरामद नोट में लिखी बातों, उसमें दर्ज नामों और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

