Site icon AB News24.in

CG Swine Flu: स्वाइन फ्लू की बढ़ती रफ्ता… रायपुर में 108 मरीज

रायपुर, 08 सितम्बर। CG Swine Flu: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में अब तक 251 मरीजों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें अकेले रायपुर के 108 मरीज शामिल हैं। सोमवार को प्रदेश में 16 नए संक्रमित मिले, जिनमें 8 मरीज रायपुर के हैं।

फिलहाल 67 संक्रमित मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जबकि 22 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। इस तरह प्रदेश में कुल 89 एक्टिव केस हैं। राहत की बात यह है कि जनवरी से अब तक स्वाइन फ्लू से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है।

H1N1 वायरस में नया म्यूटेशन नहीं

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल H1N1 वायरस के स्वरूप में कोई नया म्यूटेशन सामने नहीं आया है। अधिकांश मरीज इलाज के बाद ठीक हो रहे हैं और कई मरीजों में संक्रमण के लक्षण हल्के हैं।

हालांकि, पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों में संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

सर्दी-खांसी के साथ सांस लेने में दिक्कत तो कराएं जांच

आंबेडकर अस्पताल के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. आरके पंडा के अनुसार, सर्दी, खांसी और गले में खराश के साथ सांस लेने में तकलीफ हो तो स्वाइन फ्लू की जांच करानी चाहिए।

विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर जांच और इलाज मिलने से संक्रमण को गंभीर होने से रोका जा सकता है। बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों और उनके संपर्क में आए लोगों की लगातार निगरानी कर रहा है।

Exit mobile version