रायपुर, 12 अक्टूबर। CG Teacher Vacancy 2026: छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती-2026 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती के विज्ञापनों में संशोधन करते हुए शुद्धि पत्र जारी किया है। इस बदलाव से निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने का नया अवसर मिलेगा। आवेदन की नई तारीख संबंधित भर्ती मंडल की ओर से अलग से घोषित की जाएगी।
कुल 3,946 पदों की भर्ती में संशोधन
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत सहायक शिक्षक के 2,292 पद और शिक्षक के 1,654 पद शामिल हैं। दिव्यांग अभ्यर्थियों की पात्रता से जुड़े प्रावधानों में यह संशोधन हाईकोर्ट में दायर याचिका क्रमांक WPS 6783/2026 पर 9 अक्टूबर 2026 को दिए गए फैसले के अनुपालन में किया गया है।
सहायक शिक्षक भर्ती में इन श्रेणियों को मौका
सहायक शिक्षक भर्ती में दृष्टिबाधित (Blind), श्रवणबाधित (Deaf) और सेरेब्रल पाल्सी (CP) श्रेणी के पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिलेगा।
वहीं, शिक्षक भर्ती में विषय के अनुसार पात्रता में बदलाव किया गया है। हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और सामाजिक विज्ञान विषयों में दृष्टिबाधिता और सेरेब्रल पाल्सी को शामिल किया गया है। गणित विषय में सेरेब्रल पाल्सी और कुष्ठ रोग से उपचारित दिव्यांगता, जबकि कृषि विषय में सेरेब्रल पाल्सी को पात्र श्रेणियों में जोड़ा गया है।
सहायक शिक्षक और शिक्षक के पदों का विवरण
सहायक शिक्षक के 2,292 पदों में ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1,497 पद शामिल हैं। शिक्षक के 1,654 पदों में ई-संवर्ग के 868 और टी-संवर्ग के 786 पद हैं।
नई आवेदन तारीख का इंतजार
नए पात्र अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीख संबंधित भर्ती मंडल अलग से जारी करेगा। फिलहाल भर्ती के पुराने विज्ञापनों की अन्य शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी। ऐसे में पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवेदन की नई तारीख और आधिकारिक दिशा-निर्देशों के लिए संबंधित भर्ती मंडल की घोषणाओं पर नजर रखनी चाहिए।

