Site icon AB News24.in

CG Theft Case: जैकेट के अंदर छिपाया 49 किलो तांबा… प्लांट से निकलते ही पकड़े गए दो युवक

कोरबा, 20 नवम्बर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बालको प्लांट से चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। यहां दो युवकों ने करीब 49 किलो तांबे का तार अपने शरीर पर लपेटकर चोरी करने की कोशिश की। आरोपियों ने तार को कपड़ों और जैकेट के अंदर छिपा लिया था, ताकि सुरक्षा जांच के दौरान किसी को शक न हो। हालांकि, सुरक्षा गार्डों की सतर्कता से उनकी योजना नाकाम हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

शरीर पर तार लपेटकर पहनी जैकेट

जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने पहले तांबे के केबल से प्लास्टिक की परत हटाई। इसके बाद तार को अलग-अलग कर कमर से लेकर छाती तक अपने शरीर पर लपेट लिया। ऊपर से कपड़े और जैकेट पहनकर तार छिपा लिया। उन्हें उम्मीद थी कि इस तरह वे बिना पकड़े प्लांट से बाहर निकल जाएंगे।

शिफ्ट बदलने के दौरान निकलने की कोशिश

बताया जा रहा है कि दोनों युवक रात में कर्मचारियों की शिफ्ट बदलने के दौरान प्रोजेक्ट गेट से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी असामान्य चाल-ढाल और गतिविधियों को देखकर सुरक्षा गार्डों को संदेह हुआ। इसके बाद उनकी तलाशी ली गई, जिसमें शरीर पर छिपाया गया तांबे का तार बरामद हुआ। पूरी घटना प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई।

49.280 किलो तांबे का तार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 49.280 किलो तांबे का तार जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 49,280 रुपये बताई गई है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किए गए कटर और हैक्सॉ ब्लेड भी बरामद किए गए हैं।

दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भीम मल्लाह (23), निवासी पथरी पारा और नरेश कुमार कंवर (21), निवासी भटगांव ऊपरपारा के रूप में हुई है। बालकोनगर पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version