रायपुर, 26 सितंबर। CG Train Delay: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश का असर रेल यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। रायपुर पहुंचने वाली कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार समता एक्सप्रेस करीब 3 घंटे, पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस 2 घंटे 45 मिनट और दुर्ग-पुरी एक्सप्रेस करीब 3 घंटे 45 मिनट की देरी से रायपुर पहुंची। वहीं शहडोल रूट पर चलने वाली सारनाथ एक्सप्रेस और अमरकंटक एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनें भी विलंब से चल रही हैं।
बारिश के कारण लोकल ट्रेनों को आउटर पर रोके जाने से दैनिक यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। यात्रियों को ट्रेनों के स्टेशन पहुंचने के इंतजार में काफी समय बिताना पड़ रहा है।
लगातार हो रही ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ और इंतजार का समय बढ़ गया है। यात्रियों को अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के समय की स्थिति जांचने की सलाह दी जा रही है।

