रायपुर, 19 नवम्बर । CG VIP Security: छत्तीसगढ़ में सशस्त्र नक्सलवाद की समाप्ति के बाद अब नेताओं और अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। गृह विभाग की प्रोटेक्शन रिव्यू कमेटी के आदेशों के अनुसार, प्रदेश के 100 से अधिक नेताओं और अधिकारियों की सुरक्षा या तो पूरी तरह हटा दी गई है या उनकी सुरक्षा श्रेणी में कटौती की गई है।
गृह विभाग के आदेश के मुताबिक, बस्तर संभाग के 47 नेताओं की सुरक्षा श्रेणी पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। अब इन नेताओं को सुरक्षा देने या नहीं देने का फैसला संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक करेंगे। इसके लिए स्थानीय स्तर पर खतरे का आकलन किया जाएगा। समीक्षा के बाद एसपी जरूरत के अनुसार सुरक्षा उपलब्ध कराने का निर्णय लेंगे।
50 से अधिक नेताओं और VIP की सुरक्षा श्रेणी बदली
बस्तर संभाग के अलावा प्रदेश के अन्य इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। जानकारी के मुताबिक, 50 से अधिक अन्य नेताओं और वीआईपी लोगों की सुरक्षा श्रेणी डाउनग्रेड की गई है। यानी पहले की तुलना में उनकी सुरक्षा में कमी की गई है।
गृह विभाग की प्रोटेक्शन रिव्यू कमेटी ने यह फैसला सुरक्षा की मौजूदा जरूरतों और खतरे के आकलन के आधार पर लिया है। नक्सलवाद के प्रभाव में कमी के बाद प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा की जा रही है।

