Site icon AB News24.in

CG Weather: छत्तीसगढ़ में ठंड का बढ़ा असर… कई जिलों में गिरा रात का तापमान

रायपुर, 28 नवम्बर। CG Weather: छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। प्रदेश के कई इलाकों में सुबह और रात के समय ठिठुरन महसूस होने लगी है। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं, मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और बारिश की संभावना नहीं होने का अनुमान जताया है।

तापमान के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। सुकमा में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इससे साफ है कि जहां दक्षिणी छत्तीसगढ़ में दिन के समय गर्मी बनी हुई है, वहीं उत्तरी इलाकों में रातें ठंडी हो रही हैं।

रायपुर में सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड

राजधानी रायपुर में भी मौसम में बदलाव महसूस किया जा रहा है। दिन में धूप के कारण हल्की गर्माहट रहेगी, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इससे पहले राजधानी में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया था।

अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। फिलहाल प्रदेश में बारिश के आसार नहीं हैं और मौसम साफ रहने का अनुमान है। किसी भी इलाके के लिए विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालांकि इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर फिलहाल कोई खास असर पड़ने की संभावना नहीं है। ऐसे में लोगों को सुबह और रात के समय ठंड से बचाव रखने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version