CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में चक्रवात का अलर्ट… कई जिलों में बारिश के आसार

CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में चक्रवात का अलर्ट… कई जिलों में बारिश के आसार

रायपुर, 17 नवम्बर। CG Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान छत्तीसगढ़ के मौसम का मिजाज बदल सकता है। इसके प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश के आसार हैं।

120 से 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा

दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना गहरे दबाव का क्षेत्र तेजी से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 17 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद तूफान के और मजबूत होने का अनुमान है।

मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर की दोपहर तक तूफान आंध्र प्रदेश और यनम तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। वहीं, तेज झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।

प्रदेश में बढ़ने लगा ठंड का असर

एक तरफ चक्रवात का खतरा है, तो दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ में ठंड भी धीरे-धीरे बढ़ रही है। सरगुजा में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, बलरामपुर में 13.3 डिग्री और बस्तर में 14.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री रहा।

वहीं, राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के बाद प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की स्थिति चक्रवात की दिशा और उसकी ताकत पर निर्भर करेगी।

मौसम