Site icon AB News24.in

CG Weather News: रायपुर में देर रात बदला मौसम… ठंडी हवाओं के साथ हुई बारिश

रायपुर, 20 नवम्बर। CG Weather News: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान का असर अब छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। गुरुवार रात करीब 11 बजे राजधानी रायपुर में अचानक मौसम बदल गया। ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह रायपुर समेत प्रदेश के 11 जिलों में बारिश और गरज-चमक को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अलर्ट में रायपुर के अलावा बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिले शामिल हैं। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

90 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, चक्रवाती तूफान शुक्रवार दोपहर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के बीच तट पार कर सकता है। गोपालपुर के आसपास इसके लैंडफॉल की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि तेज झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।

तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

अंबिकापुर रहा प्रदेश में सबसे ठंडा

तापमान की बात करें तो 19 नवंबर को रायपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर दुर्ग में सबसे अधिक 30 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेश के कई इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।

Exit mobile version