CG Weather Update: मानसून हुआ सक्रिय… अगले 3 दिन कई जिलों में बारिश के आसार

CG Weather Update: मानसून हुआ सक्रिय… अगले 3 दिन कई जिलों में बारिश के आसार

रायपुर, 06 अगस्त| CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान विभाग अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हुई। विभाग का कहना है कि प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य के करीब बनी हुई है, जिससे फिलहाल बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।

उत्तर छत्तीसगढ़ में विशेष सतर्कता

मौसम विभाग ने 5, 6 और 7 अगस्त के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और आम नागरिकों से मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।

8 अगस्त से बारिश की रफ्तार होगी कम

विभाग के अनुसार 8 अगस्त के बाद प्रदेश में बारिश की तीव्रता और उसका दायरा कम होने की संभावना है। हालांकि कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। 10 और 11 अगस्त के लिए फिलहाल कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले पांच दिनों में तापमान में भी किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

रायपुर में बादल और हल्की बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में आसमान सामान्य रूप से बादलों से ढका रहेगा। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है। बिजली कड़कने के समय पेड़ों के नीचे खड़े न हों, खुले मैदानों से दूर रहें और बिजली की लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसानों को भी अपनी फसल और उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।

मौसम