CG Youth Congress Election : छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव का ऐलान…! 29 मई से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
abnews
CG Youth Congress Election
रायपुर, 24 मई। CG Youth Congress Election : भारतीय युवा कांग्रेस के छत्तीसगढ़ संगठनात्मक चुनाव का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा कांग्रेस के मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह और प्रदेश चुनाव अधिकारी रोशन नेगी ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार, ब्लॉक और जिला कमेटियों के लिए 29 मई से 13 जून तक नामांकन भरे जाएंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के लिए 11 जून से 13 जून तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।
ऑनलाइन होगी सदस्यता और चुनाव प्रक्रिया
नामांकन के बाद 15 जून से 18 जून तक स्क्रूटनी की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संचालित होगी। फर्जी सदस्यता रोकने के लिए इस बार वोटर ID अनिवार्य की गई है। आवेदन के साथ 8 सेकेंड का वीडियो अपलोड करना भी जरूरी होगा, जिसमें आवेदक को खुद अपनी जानकारी देनी होगी।
18 से 35 साल वालों को मौका
युवा कांग्रेस में सदस्यता और चुनाव लड़ने के लिए उम्र सीमा 18 से 35 वर्ष तय की गई है। आयु प्रमाण के तौर पर ड्राइविंग लाइसेंस, 10वीं की मार्कशीट, पासपोर्ट या अन्य वैध पहचान पत्र मान्य होंगे।
‘एक व्यक्ति-एक पद’ नियम लागू
चुनाव प्रक्रिया में ‘एक व्यक्ति-एक पद’ का नियम भी लागू रहेगा। उम्मीदवार केवल एक पद के लिए ही नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन भरते ही संबंधित व्यक्ति को पुराने पद से मुक्त माना जाएगा।
दिल्ली में होगा इंटरव्यू
जिला अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री जैसे अहम पदों के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व की भूमिका अहम रहेगी। इन पदों के लिए दिल्ली में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने इंटरव्यू भी लिया जाएगा।