जशपुर, 27 अगस्त। CGNews: रक्षाबंधन के अवसर पर जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी में ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्र की माताओं-बहनों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को उपहार भेंट कर अपना स्नेह और सम्मान जताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जिम्मेदारी दोहराने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।
पंडरीपानी को विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंडरीपानी में करीब ₹64 लाख के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें महतारी सदन का लोकार्पण भी शामिल है। उन्होंने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के लिए बैठक, प्रशिक्षण और आजीविका गतिविधियों का केंद्र बनेगा।
इसके अलावा ग्राम पंचायत फरसाबहार और भेलवा में भी महतारी सदन बनाने की घोषणा की गई। मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए ₹3 करोड़ 23 लाख की स्वीकृति की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी।
महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाओं को हर महीने ₹1,000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है। रक्षाबंधन को देखते हुए 67 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में योजना की 31वीं किस्त के रूप में ₹631 करोड़ से अधिक की राशि अग्रिम रूप से अंतरित की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें रोजगार व आजीविका के अवसरों से जोड़ना भी है।
महिला समूहों को मिली सहायता
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए। मोंगरा स्व-सहायता समूह और वैष्णवी स्व-सहायता समूह को ₹1.50-₹1.50 लाख, चांद स्व-सहायता समूह को ₹1.50 लाख और प्रतिज्ञा समूह को ₹1 लाख की सहायता दी गई।
इसके साथ ही सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बालिका मीनाक्षी यादव और श्रेया पैंकरा को खाता पासबुक प्रदान की गई। स्वामित्व योजना के तहत पांच हितग्राहियों को पट्टे भी वितरित किए गए।
सेवाओं को आसान बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार सुशासन और तकनीक के माध्यम से लोगों तक सेवाएं आसानी से पहुंचाने का काम कर रही है। सेवा सेतु के जरिए 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए जा रहे हैं और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 भी शुरू की गई है।
कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र की माताएं-बहनें मौजूद रहीं।

