चंबा, 08 अगस्त। Chamba Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैरागढ़-चंबा मार्ग पर एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में ड्राइवर और कंडक्टर समेत 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 11 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा सुबह करीब 6:30 बजे देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, शर्मा ट्रैवलर्स की बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। करीब तीन किलोमीटर आगे पहुंचने के बाद चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और बस सड़क से नीचे गिरकर दूसरी सड़क पर जा पहुंची।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने बस के मलबे से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया।
फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। अधिकारियों की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

