रायपुर, 21 अगस्त। Chamoli Tunnel Accident: उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने की दुखद घटना में कोंडागांव जिले के चार श्रमिकों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। वहीं हादसे में घायल कोंडागांव के दोनों श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
इस हादसे में ग्राम धनसुली के दो, मदनार के एक और दहीकोंगा के एक श्रमिक की जान गई है। वहीं कोंडागांव जिले के दो श्रमिक घायल हुए हैं।
दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। घटना से मृतकों के गांव और परिवारों में शोक का माहौल है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। उन्होंने परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने घायल दोनों श्रमिकों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

