भिलाई, 08 अक्टूबर। Chemical Factory Fire News: हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री श्याम केमिकल्स में गुरुवार दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग से उठता काला धुआं दूर तक दिखाई दिया और पूरे आसमान में फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि केमिकल से भरे 50 से ज्यादा ड्रम और दो टैंकर आग की चपेट में आ गए हैं। इसके चलते आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
करीब तीन घंटे से आग बुझाने का प्रयास जारी है। मौके पर दमकल की 5 से 6 गाड़ियां लगातार पानी की बौछार कर रही हैं। केमिकल सामग्री के कारण आग बुझाने के दौरान विशेष सावधानी बरती जा रही है। दमकल कर्मी आग को नियंत्रित करने के साथ ही उसे आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने में जुटे हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। कुछ मजदूरों के घायल होने की सूचना भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल आग से हुए नुकसान और किसी के हताहत होने की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।


