पटना, 15 नवम्बर। Chhath Puja: छठ महापर्व के तीसरे दिन आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस मौके पर बिहार के 10 हजार से अधिक घाटों पर छठ व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। छठ पूजा को लेकर घाटों पर विशेष तैयारियां की गई हैं।
50 लाख प्रवासी लौटे अपने घर
छठ महापर्व पर अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में प्रवासी बिहार लौटे हैं। हवाई किराए में बढ़ोतरी और ट्रेनों में भारी भीड़ के बावजूद दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद और विदेशों से करीब 50 लाख लोग अपने घर पहुंचे हैं। इनमें लगभग 40 लाख लोग ट्रेन से, जबकि 10 लाख लोग हवाई जहाज, बस और निजी वाहनों से बिहार लौटे हैं।
पटना के 100 से अधिक गंगा घाटों पर तैयारी
छठ पूजा को लेकर पटना में 100 से अधिक गंगा घाटों पर अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है। इनमें तीन गंगा घाटों के पास अस्थायी तालाब भी बनाए गए हैं। प्रत्येक तालाब में एक साथ 500 व्रती अर्घ्य दे सकेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, बड़े वाहनों की एंट्री पर रोक
छठ महापर्व को देखते हुए पटना में यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। गंगा घाटों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
कलक्ट्रेट घाट पर 5 हजार और दीघा घाट पर 2,500 वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने और पूजा करने में किसी तरह की परेशानी न हो।

