जशपुर, 16 नवम्बर। Chhath Puja 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के तपकरा में आयोजित छठ महापर्व कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने तपकरा में छठ घाट निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए कुनकुरी में 5 करोड़ रुपये की लागत से छठ घाट का सौंदर्यीकरण किया गया है। वहीं दराखारिका में 4 करोड़ रुपये की लागत से नए छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, तपस्या और समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस की भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कौशल्या साय, जनपद अध्यक्ष हेमन्ती साय, श्री भरत साय सहित जनप्रतिनिधि, छठ व्रती महिलाएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

