रायपुर, 22 नवम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ की दो होनहार क्रिकेटर पलक सिंह और महक नरवसे ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। दोनों खिलाड़ियों का चयन भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। वे इंग्लैंड के खिलाफ 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। मुकाबले वडोदरा और सूरत में खेले जाएंगे।
यह सीरीज जनवरी 2027 में प्रस्तावित अंडर-19 टी-20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।
108 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पलक ने जीता गोल्ड
15 वर्षीय तेज गेंदबाज पलक सिंह ने अपनी शानदार गेंदबाजी से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। WPL के स्पीड क्वीन टैलेंट हंट में देशभर के 13 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों के बीच पलक ने अपनी प्रतिभा साबित की। उन्होंने जोनल ट्रायल में 108 किलोमीटर प्रति घंटे और मुंबई में हुए फाइनल में 106 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसके बाद उन्हें बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विशेष प्रशिक्षण का मौका मिला। घरेलू सीजन में आठ मैचों में पांच विकेट लेने वाली पलक को WPL 2027 के ऑक्शन पूल में 10 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ जगह मिली है।
महक नरवसे दूसरी बार बनीं भारतीय टीम का हिस्सा
वहीं, राजनांदगांव की महक नरवसे का सफर भी काफी प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने बचपन में लकड़ी की थापी को बल्ला बनाकर क्रिकेट खेलना शुरू किया था। कोच मनोज तिवारी के मार्गदर्शन में उन्होंने अपने खेल को बेहतर बनाया और आज भारतीय अंडर-19 टीम तक पहुंच गई हैं।
महक का दूसरी बार भारतीय अंडर-19 टीम में चयन हुआ है। इससे पहले जून 2026 में श्रीलंका दौरे पर वह भारतीय टीम की उपकप्तान की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।
छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर
पलक सिंह और महक नरवसे की इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ के क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाड़ी अब इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में अपने प्रदर्शन से देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

