Site icon AB News24.in

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी तेज

रायपुर, 16 नवम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होने लगी है। दिसंबर में प्रदेश के 17 नगरीय निकायों में आम चुनाव होने हैं। इनमें बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली नगर निगम सहित 5 नगर पालिका परिषद और 8 नगर पंचायतें शामिल हैं। संभावना है कि राज्य निर्वाचन आयोग नवंबर के आखिरी सप्ताह तक चुनाव कार्यक्रम घोषित कर सकता है। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित निकायों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं। जुलाई में हुई समीक्षा बैठक में दिसंबर में कार्यकाल पूरा करने वाले 15 नगरीय निकायों की तैयारियों का जायजा लिया गया था। इसके अलावा दो नवगठित नगर पंचायतों में भी चुनाव कराए जाएंगे। इस तरह कुल 17 निकायों में चुनाव होंगे। आयोग ने महापौर, अध्यक्ष और पार्षद समेत कुल 428 पदों पर निर्वाचन की तैयारी की है।

मतदाता सूची की गड़बड़ियों पर कांग्रेस ने उठाए थे सवाल

चुनाव से पहले मतदाता सूची में सामने आई गड़बड़ियां प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई हैं। दुर्ग जिले के भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरौदा नगर निगमों में 37 हजार 252 मतदाताओं के नाम गलत वार्डों में दर्ज होने का मामला सामने आया था। इनमें भिलाई के 11 हजार 339, रिसाली के 24 हजार 709 और भिलाई-चरौदा के 1 हजार 204 मतदाता शामिल हैं।

पता बदलने के बाद भी पुराने वार्ड में नाम दर्ज रहने और नए मतदाताओं के नाम नहीं जुड़ने की शिकायतें मिली थीं। इस पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई थी। शिकायतों के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन किया है। दावा-आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तारीख 19 नवंबर तय की गई है। इसके बाद 20 नवंबर तक पात्र मतदाता फॉर्म-क-1 जमा कर सकेंगे। इनका निराकरण 23 नवंबर तक होगा। नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन से जुड़े मामलों की प्रविष्टि 25 नवंबर तक पूरी की जाएगी। अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित होगी।

टिकट के दावेदारों की बढ़ेगी सक्रियता

चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों में टिकट को लेकर हलचल तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला कलेक्टरों ने वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद संभावित उम्मीदवारों ने टिकट के लिए नेताओं से संपर्क करना शुरू कर दिया है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही राजनीतिक दलों की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

वहीं, प्रशासन को मतदान केंद्रों की व्यवस्था, मतदान दलों की नियुक्ति, चुनाव सामग्री और सुरक्षा इंतजामों को लेकर तैयारियां तेज करनी होंगी।

चारों निगमों में कांग्रेस का कब्जा, भाजपा के सामने चुनौती

दिसंबर में होने वाले चार नगर निगमों के चुनाव राजनीतिक लिहाज से काफी अहम माने जा रहे हैं। साल 2021 में जब भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरौदा और बीरगांव में चुनाव हुए थे, तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। चारों निगमों में कांग्रेस के महापौर चुने गए थे। फिलहाल प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऐसे में इन निगमों में अपनी पकड़ बनाए रखना कांग्रेस और सत्ता में रहते हुए जीत हासिल करना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती होगी।

चारों निगमों में फिलहाल कांग्रेस पार्षदों की संख्या अधिक है। इस बार महापौर का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होगा। यानी मतदाता महापौर और अपने वार्ड के पार्षद के लिए अलग-अलग मतदान करेंगे। इससे दोनों चुनावों के समीकरण अलग हो सकते हैं।

दुर्ग जिले के तीन नगर निगमों के चुनाव पर खास नजर रहेगी। यह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू का गृह जिला है। ऐसे में चुनाव परिणाम दोनों नेताओं की राजनीतिक साख से भी जोड़कर देखे जा सकते हैं। वहीं भिलाई में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और भाजपा विधायक रिकेश सेन के प्रभाव की भी परीक्षा होगी।

Exit mobile version