रायपुर, 26 सितम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों से बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी क्षेत्र में आवश्यकता सामने आने पर तत्काल राहत और सहायता पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से भी भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने लोगों से नदी-नालों, जलप्रपातों और उफनते जलस्रोतों के पास नहीं जाने की अपील की। साथ ही जलमग्न पुल-पुलियों और सड़कों को पार करने का प्रयास नहीं करने तथा बैरियर वाले स्थानों पर प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, विशेषकर रात में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने गिरे हुए बिजली के तारों से दूर रहने और किसी भी विद्युत खतरे की सूचना तत्काल संबंधित विभाग, पुलिस या स्थानीय प्रशासन को देने को कहा।
सीएम साय ने अभिभावकों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की। पहाड़ी क्षेत्रों और भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में भी लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है।
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 या स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से मौसम और राहत से जुड़ी जानकारी के लिए केवल अधिकृत सरकारी स्रोतों पर भरोसा करने तथा अफवाहों और भ्रामक संदेशों को आगे नहीं बढ़ाने की अपील की है।

