रायपुर, 23 नवंबर। Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पमशाला स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) पहुंचे। यहां उन्होंने कार्तिक मास के अवसर पर आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की सभी 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भजन-कीर्तन हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन्हें जीवंत बनाए रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मानव जीवन की वास्तविक सार्थकता परोपकार, सेवा और जरूरतमंदों की सहायता करने में है। दूसरों के दुख-दर्द को समझना और उनकी मदद करना ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि हमारी लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराएं समाज में एकता, सद्भाव और संस्कारों को मजबूत बनाती हैं।
उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोक सांस्कृतिक विधाओं कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा का उल्लेख करते हुए कहा कि ये हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर कहा कि जशपुर में चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में मेडिकल की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। साथ ही आने वाले समय में जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी।
मोदी की गारंटी पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, आवास प्लस 2024 के अंतर्गत 3 लाख 65 हजार आवास भी प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। वहीं, श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन कर चुके हैं।
हेल्पलाइन 1076 से घर बैठे दर्ज करा सकेंगे शिकायत
मुख्यमंत्री ने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू किया गया है। इसके माध्यम से बिजली ट्रांसफार्मर बदलने, नामांतरण, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र सहित विभिन्न समस्याओं की शिकायत 24 घंटे दर्ज कराई जा सकती है।
उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल का जिक्र करते हुए कहा कि नागरिक मोबाइल के माध्यम से आवेदन कर घर बैठे कई सरकारी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। सरकार का प्रयास प्रशासनिक व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और जनहितैषी बनाना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और संत गहिरा गुरु महाराज के सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान को भी याद किया। कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कीर्तन मंडलियों के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

