Site icon AB News24.in

Chhattisgarh: दीपक टंडन गिरफ्तार… दो मोबाइल जब्त

रायपुर, 07 नवम्बर। Chhattisgarh: AI तकनीक का इस्तेमाल कर तस्वीरों से छेड़छाड़ करने और आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित कर ब्लैकमेलिंग करने के आरोप में बिलासपुर पुलिस ने एक निजी न्यूज पोर्टल के संचालक दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन को गिरफ्तार किया है। सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

मामले की शुरुआत 29 अक्टूबर 2026 को दर्ज शिकायत से हुई। तिफरा निवासी मणीशंकर पांडेय ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उनकी तस्वीरों के साथ AI तकनीक के जरिए छेड़छाड़ की गई। इसके बाद न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ भ्रामक और अपमानजनक खबरें प्रकाशित की गईं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि ऐसा उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से जब्त मोबाइल फोन की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

DSP कल्पना वर्मा विवाद से भी जुड़ा रहा नाम

दीपक टंडन इससे पहले DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद को लेकर भी चर्चा में आए थे। दीपक टंडन और बरखा टंडन ने आरोप लगाया था कि कल्पना वर्मा ने उन्हें कथित लव ट्रैप में फंसाकर करीब 2.5 करोड़ रुपये लिए थे।

इस मामले की जांच के दौरान गोपनीय जानकारियां लीक होने का मामला भी सामने आया था। इसके बाद DSP कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया गया था।

फिलहाल पुलिस AI से तस्वीरों में छेड़छाड़ और कथित ब्लैकमेलिंग के मामले में आगे की जांच कर रही है।

Exit mobile version