रायपुर, 16 सितम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ अब क्रिकेट और पारंपरिक खेलों के साथ प्रोफेशनल गोल्फ में भी अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और गोल्फ कोर्स पर खुद शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि नवा रायपुर ओपन आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन सकता है।
खेल के साथ पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों से प्रदेश की खेल संस्कृति को मजबूती मिलने के साथ पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने गोल्फ को प्रदेश में आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के जरिए खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
क्रिकेट-हॉकी के साथ गोल्फ पर भी फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स के साथ अब गोल्फ को भी व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि कभी गोल्फ को सीमित वर्ग से जुड़ा खेल माना जाता था, लेकिन अब इसकी पहुंच लगातार बढ़ रही है। नवा रायपुर में प्रोफेशनल गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन इसी बदलाव का उदाहरण है।
सरकार का प्रयास है कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख गोल्फ केंद्रों में शामिल हो।
CM साय ने खिलाड़ियों को बस्तर और सरगुजा आने का दिया न्योता
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से गोल्फ के साथ छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक और सांस्कृतिक खूबसूरती देखने की अपील की। उन्होंने खिलाड़ियों को विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का न्योता दिया।
उन्होंने बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात, वन क्षेत्र और जनजातीय संस्कृति के साथ सरगुजा की पहाड़ियों, प्राकृतिक स्थलों और लोक संस्कृति का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल आयोजनों को पर्यटन से जोड़कर छत्तीसगढ़ की पहचान देश और दुनिया में और मजबूत की जा सकती है।
कपिल देव बोले- हर साल हो गोल्फ टूर्नामेंट
कार्यक्रम में 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताया।
कपिल देव ने इच्छा जताई कि छत्तीसगढ़ में यह प्रतिष्ठित गोल्फ प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित हो और इसकी तारीख पहले से तय की जाए, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और आने वाले समय में नवा रायपुर दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता की तरह प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में विकसित हो सकता है।
नवा रायपुर की खेल पहचान को मिलेगा नया आयाम
‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ के आयोजन से प्रदेश में प्रोफेशनल गोल्फ को बढ़ावा मिलने के साथ नवा रायपुर को बड़े खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी नई पहल हुई है।
देश-विदेश के खिलाड़ियों की मौजूदगी से स्थानीय खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतियोगिता देखने और उससे प्रेरणा लेने का अवसर मिल रहा है। खेल अधोसंरचना के विकास और बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के बीच यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ की स्पोर्ट्स और गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान को नया आयाम दे सकती है।

