रायपुर, 18 सितम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग ने परिवहन उप निरीक्षक (गैर-तकनीकी) के पदों पर भर्ती और पदोन्नति से जुड़े नियमों में संशोधन किया है। नए प्रावधान तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इसके तहत 74 स्वीकृत पदों को सीधी भर्ती, पदोन्नति और सीमित प्रतियोगिता परीक्षा के जरिए भरा जाएगा।
50% पदों पर होगी सीधी भर्ती
संशोधित नियम के अनुसार परिवहन उप निरीक्षक के 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे। इसके लिए भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के माध्यम से होगी। वहीं 35 प्रतिशत पद पदोन्नति और 15 प्रतिशत पद सीमित प्रतियोगिता परीक्षा के जरिए भरे जाएंगे।
आरक्षक-प्रधान आरक्षक सीमित परीक्षा से बाहर
नियमों में सीमित प्रतियोगिता परीक्षा की पात्रता में भी बदलाव किया गया है। अब इस परीक्षा में परिवहन विभाग की विभागीय लिपिक वर्गीय सेवा के सदस्य ही शामिल हो सकेंगे। इसके चलते आरक्षक और प्रधान आरक्षक वर्ग के कर्मचारी इस परीक्षा के माध्यम से परिवहन उप निरीक्षक बनने की प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे।
10 साल की नियमित सेवा जरूरी
सीमित प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने के लिए पात्र लिपिक कर्मचारियों को परिवीक्षा अवधि पूरी करने के बाद कम से कम 10 साल की नियमित सेवा पूरी करना अनिवार्य होगा। निर्धारित सेवा शर्त पूरी करने वाले कर्मचारी ही परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
74 पदों का होगा बंटवारा
74 स्वीकृत पदों में संशोधित प्रतिशत के आधार पर करीब 37 पद सीधी भर्ती, 26 पद पदोन्नति और 11 पद सीमित प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से भरे जाएंगे। आगामी भर्ती प्रक्रिया अब इन्हीं संशोधित नियमों के अनुसार आगे बढ़ेगी।

