रायपुर, 20 नवम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान के प्रभाव से हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बूंदाबांदी हो रही है। खेतों में खड़ी धान और रबी की फसलों को नुकसान होने की आशंका के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को राहत का भरोसा दिलाया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार ने सभी जिलों के कलेक्टरों को फसल नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। बारिश और चक्रवात के कारण जिन किसानों की फसल खराब होगी, उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
RBC 6-4 और फसल बीमा के तहत मिलेगी सहायता
सीएम साय ने स्पष्ट किया कि प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के प्रावधानों या प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्रता के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए पहले फसल नुकसान का आकलन किया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पात्र किसानों को राहत राशि देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
दिल्ली दौरे पर रवाना हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शुक्रवार को दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। साथ ही छत्तीसगढ़ के कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए प्रदेश की कला और संस्कृति की झलक पेश करेंगे।
फिलहाल बारिश के बीच किसानों की नजर प्रशासन की ओर से होने वाले फसल नुकसान के सर्वे पर टिकी है। सर्वे पूरा होने के बाद ही नुकसान की स्थिति और प्रभावित किसानों को मिलने वाली सहायता की तस्वीर साफ हो सकेगी।

