Site icon AB News24.in

Chhattisgarh: बिलासपुर में बच्चों की शरारत से मालगाड़ी के इंजन में लगी आग

बिलासपुर, 05 नवम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बच्चों की एक लापरवाही से रेलवे सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए। उसलापुर और घुटकू स्टेशन के बीच लोखंडी फाटक के पास बने ब्रिज से कुछ बच्चों ने गुजरती मालगाड़ी पर साइकिल का टायर फेंक दिया। टायर सीधे इंजन की छत पर जा गिरा और ओवरहेड बिजली लाइन के संपर्क में आने से उसमें आग लग गई। घटना में बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

जानकारी के मुताबिक, घटना 3 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे की है। कटनी की ओर से बिलासपुर आ रही खाली मालगाड़ी के इंजन पर टायर गिरते ही तेज चिंगारियां निकलने लगीं। धमाके जैसी आवाज सुनकर लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी और रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी।

CCTV फुटेज से पकड़े गए 6 नाबालिग

घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर छह नाबालिगों की पहचान हुई। इसके बाद 4 नवंबर को RPF ने सभी को पकड़कर पूछताछ की।

पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे टायर का टुकड़ा मालगाड़ी के खाली वैगन में फेंकना चाहते थे, लेकिन वह गलती से इंजन पर जा गिरा। सभी बच्चे लोखंडी गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

यात्री ट्रेनों का परिचालन भी हुआ प्रभावित

इस घटना के कारण अंबिकापुर एक्सप्रेस और अमरकंटक एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित हुआ। मालगाड़ी करीब आधे घंटे तक रुकी रही। इसके रवाना होने के बाद यात्री ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो सका।

Exit mobile version