बिलासपुर, 18 नवम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होते ही उपार्जन केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र स्थित गोधाडीह धान उपार्जन केंद्र में रविवार देर रात आगजनी की घटना सामने आई। आग में धान खरीदी के लिए रखे गए 5,500 बारदाने जलकर राख हो गए। घटना के बाद प्रशासन और सहकारिता विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, गोधाडीह उपार्जन केंद्र लोहर्सी सहकारी समिति के अधीन संचालित है। केंद्र में धान खरीदी के लिए कुल 30 गठान बारदाने रखे गए थे। प्रत्येक गठान में 500 बारदाने थे। रविवार देर रात अचानक आग लग गई, जिसकी चपेट में 11 गठान आ गए। इस तरह कुल 5,500 बारदाने जल गए, जबकि बाकी 19 गठान सुरक्षित बच गए।
पेट्रोल डालकर आग लगाने की आशंका
घटना की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जांच में आगजनी के पीछे साजिश की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि अज्ञात लोगों ने पेट्रोल छिड़ककर बारदानों में आग लगाई होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश
धान खरीदी के महत्वपूर्ण सीजन में बारदानों को जलाए जाने की घटना ने उपार्जन केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों ने स्थानीय प्रबंधन को संबंधित पुलिस थाने में तत्काल लिखित शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे किसी की साजिश थी। साथ ही आगजनी के कारणों और इसमें शामिल लोगों का भी पता लगाया जाएगा।

