Site icon AB News24.in

Chhattisgarh: पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर CM साय ने किया नमन

रायपुर, 25 सितम्बर। Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद के माध्यम से राष्ट्र के समग्र विकास की ऐसी दृष्टि प्रस्तुत की, जिसके केंद्र में समाज का अंतिम व्यक्ति रहा। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उनका ‘अंत्योदय’ का सिद्धांत गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को ‘अंत्योदय दिवस’ के रूप में मनाना उनके विचारों के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन आज भी राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण की दिशा में प्रेरणास्रोत है। राज्य सरकार उनके अंत्योदय के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Exit mobile version