कांकेर, 15 नवम्बर। Chhattisgarh: कांकेर जिले के नरहरपुर में भाजपा को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भोपेश नेताम समेत भाजपा के 10 नेताओं ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी नेताओं को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। इस दौरान करीब 100 अन्य लोगों के भी कांग्रेस में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि भोपेश नेताम लंबे समय से भाजपा से नाराज चल रहे थे। उन्होंने अपनी नाराजगी पार्टी के भीतर भी रखी थी, लेकिन समाधान नहीं मिलने के बाद भाजपा छोड़ने का फैसला किया। उनके साथ कई अन्य नेता और कार्यकर्ता भी कांग्रेस में शामिल हो गए।
कांग्रेस ने बताया संगठन की मजबूती का संकेत
नरहरपुर में बड़ी संख्या में लोगों के कांग्रेस में शामिल होने को क्षेत्र की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भोपेश नेताम के भाजपा छोड़ने से पार्टी को स्थानीय स्तर पर नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं कांग्रेस इसे अपने संगठन के विस्तार और मजबूती के रूप में देख रही है।
पखांजूर में भी भाजपा को लग चुका है झटका
इससे पहले कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में भी भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ली थी। संगम सेक्टर के ग्राम पंचायत भिंगीडार के आश्रित ग्राम पीवी-124 (अविनाशनगर) में भाजपा के 53 कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने कांग्रेस का दामन थाम लिया था।
पार्टी छोड़ने वाले लोगों ने सड़क, बिजली बिल, स्वास्थ्य सुविधाओं और किसानों से जुड़ी समस्याओं पर स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने की बात कही थी। अब नरहरपुर में हुए इस घटनाक्रम के बाद कांकेर जिले में भाजपा के भीतर असंतोष को लेकर राजनीतिक चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं।

