Site icon AB News24.in

Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मां काली और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की… प्रदेश की खुशहाली की कामना

रायपुर, 18 अक्टूबर। Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार शाम राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध मां काली मंदिर, कालीबाड़ी और दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से मां काली और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने मां भगवती के चरणों में शीश नवाकर छत्तीसगढ़ में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने का आशीर्वाद मांगा।

शक्ति की आराधना साहस और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा का पावन अवसर लोगों को अपनी आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ता है। मां दुर्गा शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा की प्रतीक हैं। उनकी आराधना जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

संस्कृति और सामाजिक समरसता का पर्व है दुर्गा पूजा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और धार्मिक आस्था से है। पर्व और उत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने के अवसर भी हैं। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत एवं जीवन मूल्यों से परिचित कराते हैं।

मातृशक्ति के सम्मान का दिया संदेश

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा का पर्व मातृशक्ति के सम्मान और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराता है। भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को सदैव विशेष स्थान दिया गया है।

उन्होंने मां भगवती से प्रार्थना की कि प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख-शांति बनी रहे, किसानों के खेतों में समृद्धि आए, युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिले और माताओं-बहनों के जीवन में खुशहाली आए। उन्होंने छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास और समृद्धि की कामना की।

श्रद्धालुओं से की मुलाकात

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने कालीबाड़ी मंदिर और दुर्गा पूजा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की तथा सभी को नवरात्रि और दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान श्रद्धालुओं और समाजजनों ने उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, बंगाली कालीबाड़ी समिति रायपुर के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Exit mobile version