रायपुर, 29 अगस्त। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर सियासत तेज हो गई है। महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार को घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। PCC चीफ दीपक बैज ने ऐलान किया है कि पार्टी जल्द ही ‘चीनी सत्याग्रह’ के जरिए सड़क पर आंदोलन करेगी।
दीपक बैज ने शक्कर की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए गन्ने के बड़े पैमाने पर इथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल को जिम्मेदार बताया। उनका दावा है कि गन्ने की आपूर्ति इथेनॉल उत्पादन की ओर जाने से शक्कर की उपलब्धता प्रभावित हुई है, जिसके चलते कीमतें बढ़ी हैं।
बैज ने इथेनॉल मिश्रित ईंधन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि इससे वाहनों को नुकसान हो रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को शक्कर की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी की जानकारी कई महीने पहले से थी, लेकिन कीमतों को नियंत्रित करने के लिए समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि इससे जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार महंगाई रोकने में विफल रही है।
बैज ने अपने आंदोलन को महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह से जोड़ते हुए कहा कि जिस तरह नमक की कीमत और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन हुआ था, उसी तरह आज शक्कर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ‘चीनी सत्याग्रह’ करेगी। आने वाले दिनों में पार्टी इस मुद्दे को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू कर सकती है।

