गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 12 नवंबर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। धान खरीदी को व्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पेण्ड्रा स्थित वरिष्ठ कृषि अधिकारी कार्यालय में उपार्जन केंद्र स्तरीय निगरानी समिति के सदस्यों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में संबंधित उपार्जन केंद्रों के सरपंच और प्राधिकृत अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान सदस्यों को शासन के दिशा-निर्देशों, उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं और निगरानी समिति की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने किसानों की सुविधा, धान की गुणवत्ता, सही तौल और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्थाएं बेहतर रखने और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण में वरिष्ठ कृषि अधिकारी हेमंत कश्यप, वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक मोहम्मद इरशाद सिद्दीकी, सीसीबी नोडल अधिकारी विनय कुमार साहू और मार्कफेड के हरिओम कश्यप ने धान खरीदी प्रक्रिया और निगरानी व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रशासन का उद्देश्य इस वर्ष धान खरीदी कार्य को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा करना है, ताकि किसानों को उपार्जन केंद्रों में बेहतर सुविधाएं मिल सकें और खरीदी प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो।

