रायपुर, 30 सितंबर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में स्कूल भवनों से जुड़ी जानकारी समय पर नहीं देना जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को भारी पड़ सकता है। लोक शिक्षण संचालनालय ने बलौदाबाजार और बलरामपुर को छोड़कर बाकी जिलों के DEO को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जवाब नहीं देने या संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अक्टूबर का वेतन रोकने की कार्रवाई की जा सकती है।
मामला उन स्कूलों की जानकारी से जुड़ा है, जिनके पास खुद की बिल्डिंग नहीं है या जिनकी बिल्डिंग में मरम्मत की जरूरत है। संचालनालय ने 7 सितंबर को सभी जिलों से यह जानकारी मांगी थी। इसके लिए अधिकारियों को एक सप्ताह का समय दिया गया था, लेकिन तय समय में जानकारी नहीं मिलने पर अब नोटिस जारी किया गया है।

तीन दिन में देना होगा जवाब
29 सितंबर को जारी नोटिस में जिला शिक्षा अधिकारियों को तीन दिन के भीतर जवाब देने और मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। संचालनालय ने समय पर जानकारी नहीं भेजने को सरकारी काम के प्रति गंभीरता की कमी माना है।
जवाब नहीं मिला तो हो सकती है कार्रवाई
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि तय समय में जवाब नहीं देने या जवाब संतोषजनक नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत अक्टूबर का वेतन रोकने की कार्रवाई प्रस्तावित है।


