Site icon AB News24.in

Chhattisgarh Infrastructure Mission: 20 साल के रोड नेटवर्क का बनेगा मास्टर प्लान… इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर फोकस

रायपुर, 18 सितम्बर। Chhattisgarh Infrastructure Mission: छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास को नई दिशा देने के लिए छत्तीसगढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत दीर्घकालिक समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में मिशन की रणनीति और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। लोक निर्माण विभाग (PWD) को मिशन का नोडल विभाग बनाया गया है।

20 साल के लिए बनेगा रोड नेटवर्क का मास्टर प्लान

बैठक में मुख्य सचिव ने प्रदेश के सड़क नेटवर्क के लिए आगामी 20 वर्षों का मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें मौजूदा सड़कों, भविष्य की जरूरतों, कनेक्टिविटी और संभावित विकास क्षेत्रों का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर सड़क परियोजनाओं की प्राथमिकता तय कर चरणबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।

उन्होंने सड़क नेटवर्क के साथ ऊर्जा, ट्रांसमिशन, जल, सिंचाई, संचार और फाइबर नेटवर्क जैसी प्रमुख अधोसंरचनाओं को भी एकीकृत दृष्टिकोण से विकसित करने पर जोर दिया।

इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब पर फोकस

प्रदेश में इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जाएगा। सड़क और रेल समेत विभिन्न परिवहन माध्यमों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के लिए जरूरी परियोजनाओं को चिन्हित किया जाएगा। इससे माल परिवहन और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए नए फंडिंग मैकेनिज्म की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। निजी और सार्वजनिक निवेश समेत विभिन्न वित्तीय विकल्पों का अध्ययन कर उपयुक्त व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया गया।

20 साल की योजना के साथ हर साल बनेगा एक्शन प्लान

दीर्घकालिक मास्टर प्लान के साथ वार्षिक एक्शन प्लान भी तैयार किया जाएगा। इसमें हर साल किए जाने वाले कार्यों, उनकी प्राथमिकता, संसाधनों और समय-सीमा का स्पष्ट उल्लेख रहेगा। परियोजनाओं की बेहतर प्लानिंग और मैपिंग के साथ उनके समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अधिकारियों को देश के अन्य राज्यों में विकसित आधुनिक अधोसंरचना परियोजनाओं का अध्ययन कराने के लिए एक्सपोजर विजिट कराने की बात भी कही गई, ताकि उपयोगी तकनीक और कार्यप्रणाली को छत्तीसगढ़ की जरूरतों के अनुसार अपनाया जा सके।

विभागों के बीच समन्वय पर जोर

मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ मिशन के कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर तथा लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के सीईओ चंदन कुमार समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version